ललितपुर। डीएम डा. रूपेश कुमार ने बृहस्पतिवार को जखौरा विकास खंड के ग्राम पनारी, मसौरा खुर्द, मसौरा कलां, घटवार और जामुनधाना खुर्द के प्राथमिक विद्यालयों में सशक्त गांव विकसित प्रदेश अभियान के अंतर्गत ग्राम सभा की खुली बैठकों मेें प्रतिभाग किया। इस दौरान डीएम ने शासन द्वारा जारी निर्देशों और अभियान की जानकारी ग्रामवासियों को प्रदान की। जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने बताया कि सरकार की मंशा है कि पंचायतें उपलब्ध संसाधनों से अपना विकास करें। योजनाओं का क्रियान्वयन और उसका संपूर्ण लाभ जन समुदाय को नहीं मिल पाता है, जिसका एक कारण लोगों को जानकारी का न होना भी है। प्रदेश सरकार ने सशक्त गांव विकसित प्रदेश अभियान को 8 सितंबर से प्रारंभ कर ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा की बैठक सुनिश्चित होने तक चलाये जाने का निर्णय लिया है। डीएम ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सशक्त गांव विकसित प्रदेश अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक है कि ग्राम सभा और ग्राम पंचायतों की बैठकों में ग्राम पंचायत विकास योजना का ग्राम सभा से अनुमोदन, योजना का क्रियान्वयन और अनुश्रवण पर भी विस्तार से चर्चा हो। जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामवासियों से शासन द्वारा संचालित योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन हो रहा है या नहीं, उसकी भी जानकारी प्राप्त की। उन्होने बताया कि ग्राम सभा की बैठकों में अभियान के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों का दस्तावेजीकरण किया जायेगा तथा उसे पंचायत राज विभाग की वेबसाइट पर अपलोड भी किया जायेगा। इस मौके पर उपस्थित ग्रामवासियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा अपने -अपने विभागों द्वारा चलायी जा रही योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, उप जिलाधिकारी सदर रमेशचन्द्र, उप जिलाधिकारी तालबेहट हरिओम शर्मा, उप जिलाधिकारी महरौनी हरिश्चन्द्र एवं उप जिलाधिकारी मड़ावरा एसके पाल द्वारा पांच-पांच गांव सभाओं की खुली बैठकों में जाकर राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में उपस्थित ग्राम वासियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
ब्लाक जखौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत घटवार में खुली बैठक में प्रतिभाग करते हुये जिलाधिकारी डा.रूपेश कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान शशिकांत दीक्षित ने की, जबकि संचालन ग्राम विकास अधिकारी अमित जैन द्वितीय ने किया। इस दौरान जागेश, अर्पित, अंकित, दरयाव, अरविंद, चंदन, अनुराग दीक्षित, गोरेलाल, संजू मौजूद रहे।