फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर विकास को नहीं मिला ‘अमृत‘

Sun, 26 Jun 2016 01:14 AM IST
lalitpur
विज्ञापन
प्रशासन - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
ललितपुर। शहरी क्षेत्रों की कायाकल्प करने के लिए भारत सरकार द्वारा शुरू की गई अमृत योजना को पूरा एक वर्ष हो गया है। शहर को इस योजना के तहत अभी तक कोई भी लाभ नहीं मिल पाया है। स्थिति यह है कि मामला केवल योजनाओं की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पर अटका हुआ है।
विज्ञापन


भारत सरकार ने एक साल पहले 25 जून 2015 को अटल मिशन फार रिजुवेशन और अरबन ट्रांसफार्मेशन (अमृत) योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत आधुनिक पार्कों का निर्माण और जीर्णोद्धार, सड़कों का चौड़ीकरण, फुटपाथ, घर-घर तक  स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति, सीवर, जलनिकासी के लिए नाला-नाली का निर्माण, नगर पालिका को आनलाइन करना जैसी महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। शहरी विकास मंत्रालय इसके तहत गत वर्ष 2015-16 की कार्ययोजना में शहर के लिए करीब 25 करोड़ रुपये व्यय की संस्तुति दे चुका है, लेकिन पूरा मामला डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर ही अटका हुआ है।

नगर पालिका ने आईटीआई कॉलेज के पीछे स्थित मान्यवर कांशीराम कालोनी में बने पार्क के जीर्णोद्धार के लिए 23 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा था। करीब दो माह पूर्व विभाग ने पार्क की डीपीआर भी शासन को भेज दी है, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई भी काम शुरू नहीं किया गया है। इसी तरह जल संस्थान से शहर में सुचारु पेयजल आपूर्ति के लिए कार्ययोजना का प्रस्ताव मांगा था। इसमें करीब 23 करोड़ रुपये से नेहरू नगर पेयजल योजना व करीब 2.25 करोड़ रुपये की लागत से पाइप लाइन बिछाने और घर-घर नल कनेक्शन कराने का प्रस्ताव बनाया था। शासन ने जल निगम से प्रोजेक्ट की डिटेल रिपोर्ट मांगी थी, लेकिन, अब तक का जल निगम की डीपीआर की खामियों को दूर नहीं कर पाया है। दोनों योजनाओं का कार्य डीपीआर तक ही सीमित रह गया है।
विज्ञापन


नहीं हो सकी नपा आनलाइन
अमृत योजना के तहत नगर पालिका को मार्च माह 2016 तक पूरी तरह से आनलाइन करना था, लेकिन तीन माह अतिरिक्त बीत जाने के बाद भी नगर पालिका अब तक आनलाइन नहीं हो सकी है। हालांकि, नगर पालिका की वेबसाइट फरवरी माह में तैयार हो गई  थी, लेकिन इसको अभी तक पूरी तरह से शुरू नहीं किया गया है। जबकि, शासन ने वित्तीय वर्ष 2016-17 का विभागीय कार्य आनलाइन करने के निर्देश दिए थे।

पुराने का ठिकाना नहीं, नये के मांगे प्रस्ताव
अमृत योजना के तहत वर्ष 2015-16 के लिए शासन द्वारा स्वीकृत मान्यवर कांशीराम कालोनी आवासीय कालोनी के पार्क का जीर्णोद्धार का कार्य अभी तक धरातल पर शुरू नहीं हो पाया है और शासन ने वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए नए पार्कों का प्रस्ताव नगर पालिका से मांग लिया है। इसमें लिए नगर पालिका ने आधा दर्जन पार्कों के जीर्णोद्धार के लिए करीब साढ़े सात करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा है। इसमें चंद्रशेखर आजाद पार्क के लिए 3.15 करोड़ रुपये, अंबेडकर पार्क व कांशीराम पार्क के लिए 86 लाख रुपये, राजवैद्य तुलसीराम पार्क के लिए 1.13  करोड़ रुपये, डा. सतीश सुड़ेले के सामने निर्मित पार्क के लिए 13 लाख रुपये, वार्ड नंबर 07 में कांशीराम कालोनी प्रथम भाग के पार्क के लिए 1.36 करोड़ रुपये व  द्वितीय भाग के पार्क के जीर्णोद्धार के लिए 80 लाख रुपये का प्रस्ताव  शासन को भेजा गया है।
विज्ञापन


प्रस्ताव शासन को भेज दिए गए हैं। जैसे ही स्वीकृत होंगे काम शुरू कर दिया जाएगा। इसमें नगर पालिका की ओर से कोई ढील नहीं है।
- सुभाष जायसवाल
अध्यक्ष, नगर पालिका
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें