ललितपुर। श्रीराम की नगरी अयोध्या में बुधवार को भगवान श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के कारण सभी मंदिरों, धार्मिक स्थलों में दीपोत्सव आयोजित किया गया। घर-घर में पूजन अर्चन करते हुए दीप जलाए गए।
श्रीराम मंदिर निर्माण के शिलान्यास के दौरान बुधवार को दोपहर में विभिन्न मंदिरों श्री तुवन मंदिर, नृसिंह मंदिर, श्री रामराजा मंदिर, श्रीचंडी मंदिर, श्रीरघुनाथ जी बड़ा मंदिर, मदन मोहन जी मंदिर, श्रीमुरली मनोहर मंदिर, श्रीजगदीश मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, भजन कीर्तन, पूजन, अभिषेक आदि कार्यक्रम किए गए। घर-घर में भगवान राम का पूजन किया गया और दीप प्रज्वलित कर लोगों ने राम मंदिर निर्माण शुरू होने पर खुशियां मनाई। इस संबंध में शहर के प्रमुख मंदिरों के महामंडलेश्वर एवं पुजारी आदि ने श्रीराम मंदिर निर्माण की खुशियों के लिए अपनी भावनाएं व्यक्त की।
अयोध्या नगरी में सैकड़ों वर्षों की प्रतीक्षा के बाद भगवान राम का भव्य मंदिर निर्माण कार्य की शुरुआत होना ही सभी के लिए गौरवान्वित करने वाली बात है। रामराजा मंदिर में सुबह से श्रीरामरक्षा स्त्रोत पाठ, सुंदरकांड का आयोजन किया गया। शाम को 151 दीप जलाए गए। -हरिओम शास्त्री, श्रीरामराजा मंदिर।
अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण की शुरुआत हमारे लिए बहुत ही प्रसन्नता की बात है। बरसों की प्रतीक्षा के बाद यह दिन देखने को मिला है। श्री तुवन सरकार के समक्ष 1100 दीपक प्रज्वलित कर दीप उत्सव मनाया जा रहा है। मंदिर में सुंदरकांड पाठ कराया गया। - महामंडलेश्वर रामलखन दास महाराज, श्री तुवन मंदिर
अयोध्या नगरी में श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर भगवान राम का मंदिर निर्माण शुरू हो रहा है। यह बहुत ही खुशी का दिन है और देश के लिए गर्व का दिन है। जीवन का सुनहरा अवसर है। भगवान राम के लिए पूजन, अभिषेक, सुंदरकांड, दीपोत्सव मना कर खुशियां व्यक्त कर रहे हैं। - महामंडलेश्वर चंद्रेश्वर गिरी महाराज, श्रीचंडी धाम मंदिर
भगवान श्रीराम की जन्म स्थली अयोध्या नगरी में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण की शुरुआत होना बहुत ही सौभाग्य का दिन है। मंदिर निर्माण की शुरुआत के दिन श्री नृसिंह मंदिर में पूजा अर्चना के साथ ही दीपोत्सव का आयोजन किया गया। यह बहुत ही खुशी का दिन रहा। - गंगादास जी महाराज, श्री नृसिंह मंदिर।
51 दीपक जलाकर मनाई खुशियां
कचहरी परिसर स्थित श्री हनुमान जी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के शिलान्यास पूजन के कारण 51 दीपक जलाकर खुशियां मनाईं। मंदिर में सुंदरकांड पाठ एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी तरह कचहरी परिसर स्थित श्रीसंकट मोचन हनुमान मंदिर पर अधिवक्ताओं के संयोजन में दीप जलाए गए। इस मौके पर बद्रीप्रसाद, अंकित जैन, राजेश पाठक, पुष्पेंद्र सिंह चौहान, ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, स्वतंत्र व्यास, अशोक चतुर्वेदी, बलराम कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।