ललितपुर। सहायक बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी के पीठासीन अधिकारी के दो पद हैं, लेकिन वर्तमान में एक ही एसओसी न्यायालय के कार्य कर रहे हैं। इसके पूर्व जो एसओसी का कार्य उपजिलाधिकारी कार्य कर रहे थे, उनका स्थानांतरण होने के चलते पद खाली हो गया है। इससे वादकारियों को परेशानी हो रही है और मामलों की पेंडेंसी भी बढ़ेगी। जिला बार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से एसओसी के कार्य के लिए किसी अधिकारी को तैनात किए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि जनपद के लिए सहायक बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी (एसओसी) के पीठासीन अधिकारी के दो पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में मात्र एक एसओसी न्यायालय ही कार्य कर रहा है। इसके पूर्व तत्कालीन उपजिलाधिकारी बीके गुप्ता द्वारा कार्य किया जाता रहा है। अधिवक्ताओं को यदि एक न्यायालय में न्याय पाने की उम्मीद नहीं है, तो विकल्प में दूसरा न्यायालय उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा मुकदमों की पेंडेंसी भी नहीं रहेगी और मुकदमों का निस्तारण शीघ्र हो कर वादकारियों को शीघ्र न्याय पाने में सुविधा रहेगी।
जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर चकबंदी न्यायालय में किसी एसडीएम को एसओसी का कार्य सौंपने की मांग की है। इस मौके पर अध्यक्ष राजेश देवलिया, महामंत्री लखन यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश बाबू समैया, गोविंद नारायण सक्सेना, राजेश पाठक, शरद चौबे आदि मौजूद रहे।