ललितपुर। बीते दिनों हुई लगातार बारिश से नष्ट फसलों का सर्वे कराने की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य कृष्णा मानसिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने किसानों को जल्द बीमा क्लेम व सहायता राशि देने की मांग की। बताया कि शहजाद बांध के गेट खुलने से उफान पर आई शहजाद नदी से आस-पास के सभी किसानों के खेतों से पानी तेज बहाव के साथ निकला। इससे फसलें पूरी तरह चौपट हो गईं। तहसील तालबेहट के ग्राम बरोदाडांग, हंसारी, खेरीडांग, खिरिया डांग, खेराडांग, हसगुंवा, भुचेरा, चांदरा, बलरगुवां, धमना, सारसेड़, पूराकलां, नत्थीखेड़ा, बटवाहा, संसुवा, बगौरा, हजारिया आदि गांव में फसलें तबाह हो गई हैं। संवाद
000
नष्ट फसलों को देखने पहुंचे किसान नेता, लगाई चौपाल
बिरधा। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के मुख्य सचिव गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में लोग बिरधा क्षेत्र के बंगरिया बरोदिया, डोंगरा कलां, करमरा, ठगारी पिपरिया, उमरिया में अतिवृष्टि से नष्ट फसलों को देखने पहुंचे और किसानों से बात की। बरोदिया रायन में आयोजित किसान चौपाल में किसानों ने बताया कि टोल फ्री नंबर नहीं लग रहा है। उनकी संपूर्ण फसल नष्ट हो गई है। किसान नेता ने कहा कि बारिश से किसान बर्बादी की कगार पर आ चुका है। जिला प्रभारी मुकेश करमरा ने कहा कि फसलें नष्ट होने से किसानों को अपनी बेटियों की शादी की चिंता सता रही है। जनसंपर्क के दौरान मंडल मीडिया प्रभारी रामकुमार, सत्येंद्र राजा, दिनेश कुशवाहा, लाल सिंह, रमन सिंह, लालचंद, निहाल सिंह, जगभान सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद