पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ने की आशंका से लोग फुल करा रहे वाहनों की टंकियां
जनपद में सभी कंपनियों के 139 पेट्रोल पंप संचालित, किसान ड्रम में भरकर ले जा रहे डीजल
कुछ पंपों पर तीन दिनों में एक टैंकर की हो रही आपूर्ति
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। इस्राइल-ईरान के बीच युद्ध के चलते पेट्रोल और डीजल के दामों में उछाल आने की आशंका के चलते लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल करा रहे हैं। पांच दिन में बिकने वाला ईंधन दो दिन में समाप्त हो जा रहा है। वहीं, किसान नलकूप और ट्रैक्टर के लिए ड्रम में डीजल भरकर ले जा रहे हैं। आलम यह है कि पंपों पर पहले की तुलना में पेट्रोल और डीजल की बिक्री करीब दो गुनी हो गई है। हालत यह है कि मांग के सापेक्ष पंपों पर पेट्रोल और डीजल के टैंकर देरी से आ रहे हैं।
गैस सिलिंडर के दाम बढ़ने के बाद अब पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की आशंका के चलते लोग पहले की तुलना में अधिक तेल खरीद रहे हैं। जनपद में सभी कंपनियों के संचालित 139 पंपों पर पेट्रोल व डीजल की बिक्री बढ़ गई है। सौजना क्षेत्र स्थित पंप के कर्मचारी अमर सिंह ने बताया कि पहले 5 दिनों में 12 हजार लीटर पेट्रोल व 12 हजार लीटर डीजल की बिक्री होती थी लेकिन अब दो दिनों में बिक जा रहा है।
शहर के पेट्रोल पंप संचालक अरमान कुरैशी ने बताया कि सोमवार को पेट्रोल 95.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 88.37 रुपये प्रति लीटर की दर पर बिका है। अभी दाम बढ़ने के आदेश नहीं मिले हैं। इसके बाद भी लोग अपने वाहनों की टंकियां फुल करा रहे हैं। इससे पंप पर पेट्रोल व डीजल की खपत बढ़ गई है।
तीन लाख का डीजल खरीदने की रही चर्चा
घनियाखाना गांव के एक किसान तीन लाख रुपये का डीजल खरीदने जब पेट्रोल पंपों पर पहुंचा तो कुछ ने स्टॉक न होने की बात कहकर टरका दिया लेकिन कुछ पंपों से फुटकर डीजल खरीद कर ड्रमों में ले जाने का मामला चर्चा में बना रहा।
मध्य प्रदेश की सीमावर्ती जनपदों में जा रहा पेट्रोल व डीजल
मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल के दामों में प्रति लीटर करीब 10 रुपये अधिक का अंतर होने के कारण सीमावर्ती जनपद के लोग ललितपुर से डीजल और पेट्रोल खरीद कर ले जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, सीमावर्ती टीकमगढ़, छतरपुर, सागर सहित अन्य जनपदों के लोग जिले के पेट्रोल पंपों से कंटेनर में पेट्रोल और डीजल खरीदकर ले जा रहे हैं। हैरत की बात तो यह है कि इस पर विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे रहते हैं।
जनपद में संचालित पंपों पर एक नजर
कंपनी संख्या
आईओसी 66
बीपीसी 42
एचपीसी 23
रिलाइंस 07
एस्सार 01
वर्जन
जनपद में पेट्रोल और डीजल की खपत बढ़ी है लेकिन पंपों पर अभी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने की कोई सूचना नहीं है। मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जनपद के लोग जनपद में सस्ता तेल मिलने के कारण आ रहे हैं। - नरेश पंथ, अध्यक्ष, जिला पेट्रोल पंप एसोसिएशन