पोस्टमार्टम हाउस में निरीक्षण करते सीएमओ। स्त्रोत-स्वंय
- फोटो : 1
ललितपुर। जनपद का इकलौता पोस्टमार्टम हाउस अव्यवस्थाओं से घिरा हुआ है। यहां पर डीप फ्रीजर खराब पड़ा हुआ है तो वहीं बोर की मोटर खराब होने से पानी का संकट बना हुआ है। इसका खुलासा मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह के निरीक्षण में हुआ। उन्होंने तत्काल संबंधित को कमियों को दूर करने व साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे नेहरुनगर क्षेत्र में स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर डीप फ्रीजर की जानकारी ली। इसमें दो डीप फ्रीजर पाए गए, जिसमें एक खराब पड़ा हुआ था। इस पर उन्होंने शव के बारे में जानकारी ली, जिसमें बताया कि प्रतिदिन चार से छह तक शव पोस्टमार्टम के लिए आते हैं। निरीक्षण में बोर की मोटर भी कई महीने से खराब मिली। इससे पानी का संकट बना हुआ है। मौके पर लोगों ने बताया कि बाहर अन्य संसाधनों से पानी पीने को मजबूर हैं। यही नहीं परिसर में निगरानी के लिए लगे कैमरा भी खराब पाए गए। कर्मचारियों की भी कमी पाई गई। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।