ललितपुर।नवीन तहसील परिसर में उत्तर प्रदेश फसल ऋण मोचन योजनांतर्गत दूसरे चरण में चयनित किसानों को फसल ऋण माफी प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान अतिथियों ने 206 किसानों को प्रमाण पत्र सौंपे।
नवीन तहसील ललितपुर में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह द्वारा तहसील ललितपुर के पांच ग्रामों के कुल 206 किसानों को फसल ऋण मोचन योजना के तहत प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिसमें ग्राम दावनी के 28, थनवारा के 54, सतरवांस के 53, बिरधा के 55 और गनगौरा के 16 के किसान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त तहसील महरौनी में राज्यमंत्री श्रम और सेवा योजन विभाग मनोहर लाल पंथ द्वारा 207, तहसील तालबेहट में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा द्वारा 219, तहसील मड़ावरा में सीडीओ प्रवीण कुमार लक्ष्कार द्वारा 227, तहसील पाली में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह द्वारा 192 किसानों को फसल ऋण मोचन प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया। तहसील ललितपुर में आयोजित समारोह में डीएम मानवेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी योजनाओं में पूर्ण पारदर्शिता बरती जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं। सरकारी योजनाओं का उद्देश्य गरीबों की मदद करना है। इन योजनाओं का समुचित लाभ गरीबों को मिलना चाहिए। वर्तमान सरकार द्वारा चलाई जा रही ऋण मोचन योजना की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें सहायता सीधे लाभार्थी को प्रदान की जा रही है। अब लाभार्थी और सरकार के बीच में कोई बिचौलिया नहीं रहा। अगर कहीं इक्का दुक्का शिकायतें भी मिलीं तो उस पर सीधे कार्रवाई हुई है, जिसका परिणाम है कि इतने व्यापक पैमाने की योजना इतने शान्तिपूर्ण तरीके से क्रियान्वित हो सकी। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा कुछ किसानों को राई के बीज की मिनी किट का वितरण भी किया गया। जिलाधिकारी द्वारा फसल कटाई में प्रयोग होने वाली रीपर बाइन्डर मशीन की चाबी एक किसान को सौंपी गयी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर महेश प्रसाद दीक्षित, उप निदेशक कृषि प्रसार संतोष कुमार सविता, उपायुक्त मनरेगा जयसिंह यादव, एआर कोआपरेटिव अनूप कुमार द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. एसके शाक्य, तहसील के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।