फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur News: पुलिया तोड़कर नहर में डाला मलबा, 4.5 किमी तक सिंचाई का संकट

Wed, 18 Nov 2026 01:26 AM IST
झांसी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
ललितपुर। किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का दावा करने वाले सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गोविंदसागर बांध की बाईं नहर पर बनी पुलिया को क्षतिग्रस्त कर उसका मलबा नहर में डाल दिया गया। इससे नहर का पानी आगे बढ़ना बंद हो गया है। नतीजतन, करीब 4.5 किलोमीटर क्षेत्र में पानी पहुंचने का संकट खड़ा हो गया है। सिलगन, रोंडा और हसनवारा के सैकड़ों किसान फसलों की सिंचाई को लेकर परेशान हैं।
विज्ञापन

गोविंदसागर बांध की बाईं नहर शहर के बीच से होकर करीमनगर, तुवन चौराहा, सदनशाह चौराहा, पिसनारी और हाईवे होते हुए चंदेरा व रोड़ा की ओर जाती है। इस नहर से पिसनारी क्षेत्र, हाईवे के दूसरी ओर, चंदेरा, न्यू टाउन, रेलवे लाइन के दूसरी ओर रोड़ा, सिलगन और हसनवारा क्षेत्र के किसान सिंचाई करते हैं। विभाग ने एक नवंबर को नहर में पानी छोड़ा था। पानी न्यू टाउन स्टेशन के पास तक पहुंच गया था। इसी दौरान रेलवे लाइन से पहले बनी पुलिया को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिया तोड़ने के बाद उसका मलबा नहर में डाल दिया गया, जिससे पानी का प्रवाह बाधित हो गया।
हैरानी की बात यह है कि विभागीय कार्रवाई के बाद नहर में पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। वहीं, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता शैलेश कुमार ने मामले की जानकारी होने से ही इन्कार कर दिया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नहर पर पुलिया तोड़ने और मलबा डालने की कार्रवाई किसके निर्देश पर की गई और किसानों को पानी उपलब्ध कराने का वैकल्पिक इंतजाम क्यों नहीं किया गया।
विज्ञापन


सिंचाई के इंतजार में किसानों की बोआई अटकी
नहर बंद होने से करीब 4.5 किलोमीटर क्षेत्र में पानी पहुंचने का संकट है। इससे तीन गांवों के सैकड़ों किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसान समय पर फसलों की बोआई नहीं कर पा रहे हैं। गंगाराम के पास दो एकड़ खेती है। उनका कहना है कि नहर में पानी नहीं आने के कारण अब तक बोआई नहीं हो सकी है। पुलिया तोड़कर नहर बंद कर देने से पानी मिलने की उम्मीद भी खत्म हो गई है। वहीं, नहर के पास पड़े पाइपों से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। विभागीय अधिकारियों ने मशीन से मलबा हटवाने का आश्वासन दिया है।

रेलवे पर बिना अनुमति पुलिया बनाने का आरोप
सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रेलवे की ओर से बिना एनओसी नहर में पाइप डालकर पुलिया बनाई गई थी। इस संबंध में रेलवे को दो बार नोटिस भी दिए गए थे। मौखिक रूप से चेतावनी देने के बावजूद रेलवे अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। विभाग का दावा है कि पाइप के जरिये पानी के रिसाव की समस्या हो रही थी। इसी कारण पुलिया को क्षतिग्रस्त कर पाइप हटाए गए। हालांकि, विभागीय अधिकारियों का यह भी मानना है कि नहर में पानी छोड़े जाने के बाद भी पुलिया तोड़ने की कार्रवाई की जा सकती थी। ऐसे में सवाल है कि कार्रवाई के दौरान नहर में मलबा डालकर पानी का प्रवाह रोकने की नौबत क्यों आई।

अधिशासी अभियंता को नहीं जानकारी
नहर पर पुलिया क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में अधिशासी अभियंता शैलेश कुमार ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वहीं, राजघाट निर्माण खंड के अवर अभियंता सुरेंद्र कुमार का कहना है कि नहर में पाइप डालकर पुलिया बनाई गई थी। नियमानुसार कल्वर्ट का निर्माण नहीं कराया गया था। पानी के रिसाव की समस्या के चलते पुलिया क्षतिग्रस्त कर पाइप हटाए गए हैं।

ललितपुर न्यू टाउन स्टेशन के पास नहर पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली है। मामले को दिखवाकर जांच कराई जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -मनोज कुमार, पीआरओ, रेल मंडल, झांसी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें