ललितपुर। उर्द की फसल में कीटनाशक डाल रहा किसान खेत पर अचेत पड़ा मिला। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिजली से मौत होने की संभावना जताई है।
थाना पाली अंतर्गत ग्राम निवाहो निवासी प्रकाश सिंह (48) शनिवार को अपने खेत पर उर्द की फसल में कीटनाशक दवा का छिड़काव करने के लिए गया था। साथ में उसका भतीजा दीपक भी था। शाम को भतीजा दीपक कीटनाशक दवा में पानी मिलाने के लिए पानी लेने के लिए चला गया था। कुछ देर बाद जब वह लौटकर वापस आया तो यहां प्रकाश सिंह अचेत पड़ा मिला। आनन- फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाईयों में दूसरे नंबर का था और उसके एक पुत्र-एक पुत्री है। ढाई एकड़ जमीन पर खेती किसानी करता था। भतीजे ने बताया कि जब वह पानी लेने के लिए गया था तब आसमान में तेज आवाज के साथ बिजली गिरी थी। जिसकी चपेट में आने से मौत होने की संभावना जताई है। सीओ सदर अभय नारायण राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारण का पता चलेगा।