ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला नई बस्ती में सोमवार की रात एक युवक अपनी ससुराल से चंद कदम की दूरी पर सड़क पर अचेतावस्था में पड़ा मिला। इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी गई। उसे जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम खडगांय निवासी बृजकिशोर शर्मा (35) पुत्र द्वारिका प्रसाद शर्मा की शादी कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती में हुई थी। करीब तीन वर्ष से उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी। उसकी पत्नी ने पारिवारिक वाद भी दायर किया था।
इसके संबंध में 13 जनवरी को उसे नोटिस मिला, जिसमें 20 तारीख को उसे कोर्ट में पेश होना था। तारीख पर पेश होने के लिए वह 17 जनवरी को घर से ललितपुर के लिए निकला था। सोमवार की रात करीब 12 बजे वह अपनी ससुराल सरस्वती शिशु मंदिर नई बस्ती के पास से चंद कदमों की दूरी पर अचेतावस्था में पड़ा मिला। उसे जिला अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई अवध किशोर ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले भाई की शादी हुई थी। तीन वर्ष पहले बृजकिशोर की पत्नी जेवर व बच्चों समेत मायके आ गई और ससुराल वापस लौटने से मना कर दिया। इसको लेकर उसकी ओर से छतरपुर कोर्ट में मामला दायर किया गया था, जबकि ससुराल पक्ष की ओर से ललितपुर में मुकदमा दायर किया गया, जिसकी तारीख करने वह ललितपुर आया था।
उसने आरोप लगाया कि भाई को ससुराल पक्ष के लोगों ने जहर खिलाकर सड़क पर फेंक दिया। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच करने की गुहार लगाई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।