विकास खंड बार का मामला, सीडीओ ने जांच अधिकारी किया नामित
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विकास खंड बार में क्षेत्र पंचायत की जमीन पर अनधिकृत तौर पर बन रहीं दुकानों की शिकायत जिला प्रशासन से की गई थी। इसकी जांच मुख्य विकास अधिकारी ने जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) को सौंप दी है।
विकासखंड बार मुख्यालय पर क्षेत्र पंचायत की भूमि पर करीब 20 दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। जब निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ तो ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों को गुमराह कर क्षेत्र पंचायत से दुकानों का निर्माण बताया। इसके बाद जब लोग दुकान आवंटन की जानकारी लेने के लिए विकास खंड कार्यालय पर गए तो वहां खंड विकास अधिकारी ने क्षेत्र पंचायत से दुकानों का निर्माण न होने की बात कही। इसके बाद, ग्रामीणाें ने इसका प्रार्थनापत्र जिला प्रशासन को दिया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी ने इसकी विस्तृत जांच जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह को सौंपी है।
जहां यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है, वह जगह क्षेत्र पंचायत की है। उस भूमि पर वाद भी न्यायालय में दायर है। लोगों का कहना है कि इस प्रकरण में खंड विकास अधिकारी की भी भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है, क्योंकि जहां पर इन दुकानों का निर्माण हो रहा है, उनके आवास के लिए आने-जाने का रास्ता है। अब जब ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है तो दुकानें निर्मित होने जानकारी से वे अनभिज्ञता जता रहे हैं। इस संबंध में जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह ने कहा कि मौके पर जाकर पूरे प्रकरण की जांच करेंगे। खंड विकास अधिकारी की भूमिका की भी जांच की जाएगी।