डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश, खुद पहुंचकर शिकायतों का कराएं निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद की पांच तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर 195 फरियादियों नें अफसरों से शिकायतें कीं। इनमें से 28 का मौके पर निस्तारण कराया गया। सदर तहसील सभागार में डीएम सत्यप्रकाश व एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएगे। इस दौरान सात अधिकारियों की जगह उनके अधीनस्थ आने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब कर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित करते हुए कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्रतिस्थानीय भेजकर अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेते हुए एक दिन का वेतन रोक दिया जाए। जनसुनवाई के दौरान अधिशासी अभियंता राजघाट निर्माण खंड, अधिशासी अभियंता विद्युत शहरी एवं ग्रामीण, उपायुक्त उद्योग, जिला रोजगार सहायता अधिकारी, जिला पर्यटक अधिकारी एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण तलब करते हुए कारण बताने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जनसुवाई करते हुए अतिक्रमण व अवैध कब्जों के मामलों में राजस्व व पुलिस अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का निस्तारण कराकर अवगत कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी गौतम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इंतियाज अहमद, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, पीडी डीआरडीए दीपक यादव, जिला पूर्ति अधिकारी उमेश चंद्र मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस में आए प्रमुख प्रार्थनापत्र
तहसील- शिकायतें- निस्तारित
ललितपुर - 52 - 11
तालबेहट - 95 - 13
महरौनी - 11 - 01
मड़ावरा- 21 - 02
पाली - 16 - 01