मामला तूल पकड़ता देख संचालक ने वितरण किया शुरू, उमड़ी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। एजेंसी पर घरेलू गैस सिलिंडर लेने पहुंचे लोगों को बृहस्पतिवार को अचानक स्टाॅक खत्म होने की बात कह कर वितरण बंद करा दिया गया। इस पर लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मामला तूल पकड़ते देख संचालक ने वितरण शुरू कराया तब मामला शांत हो सका।
सुबह से ही भारी संख्या में क्षेत्र के लोग सिलिंडर लेने एजेंसी पर पहुंचने लगे थे। लोगों की भीड़ देख कर एजेंसी संचालक ने गैस सिलिंडर न होने की बात कह कर लोगों को सकते में डाल दिया। इसके बाद लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मामला तूल पकड़ते देख एजेंसी संचालक ने करीब आधा घंटे बाद गैस सिलिंडरों का वितरण कराया, तब लोग शांत हुए। लोगों का आरोप है कि गैस सिलिंडर उपलब्ध होने के बावजूद एजेंसी संचालक जनता को गुमराह करके अधिक मुनाफा कमाना चाहते हैं।
वहीं, भारत गैस एजेंसी के प्रबंधक दीपू श्रीवास्तव ने कहा कि इस समय हमारे पास पर्याप्त घरेलू गैस सिलिंडर हैं। शुक्रवार को भी एक गाड़ी आना है, लोग एडवांस में सिलिंडर एकत्रित कर रहे हैं।
000000000000