शहर कोतवाली अंतर्गत समैया कारखाने के पास 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। जखौरा निवासी युवक बृजेंद्र के पिता पहलवान विश्वकर्मा ने बताया कि बृजेंद्र ललितपुर में रहने वाले अपने मामा के यहां रहकर कमल जैन के लकड़ी के कारखाने में काम करता था। रोज की तरह सुबह साढ़े आठ बजे बृजेंद्र के मामा उसे कारखाने के पास छोड़कर घर चले आए। इसके बाद सुबह 10 बजे मामा श्रीराम के पास कमल जैन ने फोन करके तत्काल कारखाने आने को कहा। मामा श्रीराम ने बताया कि कारखाने में जाकर देखा तो वहां बृजेंद्र दीवार में लगे एंगल से रस्सी के सहारे फांसी पर लटक रहा था।
इसके बाद कमल ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी हिमांशु गौरव ने युवक को युवक को फांसी से नीचे उतरवाया और पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि बृजेंद्र के पैर जमीन से छू रहे थे। इसके अलावा पास में रखे आसपास के सामान भी यथावत रखे हुए थे। शव के बगल में ही शीशा रखा हुआ था। इसके अलावा अन्य सामान भी सामान्य परिस्थितियों में रखे हुए थे। मृतक के पिता और मामा ने किसी पर भी शक होने से इंकार कर दिया। मृतक तीन भाईयों में सबसे बड़ा था और उसकी शादी नहीं हुई थी।