ललितपुर। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मुहल्ला मऊठाना में किराए के मकान में रह रही महिला के साथ मकान मालिक ने मारपीट कर दी। मुहल्ला मऊठाना में ममता सिंह अपनी पुत्री के साथ किराए के मकान में रहती है। उसका पति अलीगढ़ में सेल्स मेन का कार्य करता है।
शुक्रवार की दोपहर वह पुत्री के साथ घर पर थी। इसी दौरान मकान मालिक अपने चार साथियों के साथ आया और गालीगलौज करते हुए मारपीट करने लगा। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने गले से सोने की जंजीर छीन ली। महिला की चीख- पुकार सुनकर पड़ोसी वहां आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, मकान मालिक नझाई बाजार निवासी प्रवीण कुमार चौधरी निवासी ने बताया कि महिला का पति काफी समय पूर्व उसकी दुकान पर काम करता था। उस दौरान उसने अपना उक्त पुश्तैनी मकान का एक ककमरा उसको अस्थाई तौर पर तब तक रहने को दिया था, जब तक कि वह उसकी दुकान पर काम कर रहा है।
कुछ समय बाद वह काम छोड़कर अन्य स्थान पर काम करने लगा। इस पर उसने कई बार मकान खाली करने को कहा, लेकिन वह टलता रहा। आरोप है कि वह दीवाली के दौरान मकान की सफाई करने गया तो उसके ऊपर की मंजिल के कमरों का ताला टूटा पड़ा था और कमरों में रखा सामान भी फैला हुआ था।
जब उसने उलाहना दिया तो वह व उसकी पत्नी उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके वाद वह ऊपर की मंजिल पर जाने वाले रास्ते के दरवाजे पर अपना ताला डाल आया था। इसकी सूचना 19 नवंबर को लिखित रूप में पुलिस अधीक्षक को दी थी।
वह शुक्रवार की सुबह दुकान पर काम करने वाले एक नौकर के साथ मकान की सफाई को गया। उसने ताला डले दरवाजे को अंदर से बंद पाया। आरोप है कि उसने दरवाजा खोलने को कहा तो महिला ने अपना सिर जमीन पर मार लिया और पुलिस को कहानी सुना दी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की जांच कर रही है।