सिलावन (ललितपुर)। कोतवाली महरौनी अंतर्गत ग्राम किसरदा में चोरों के गिरोह ने एक के बाद एक चार घरों में घुसकर लाखों रुपये के आभूषण व हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। स्वॉट ने भी निरीक्षण किया।
कसबा महरौनी में हुई ताबडतोड़ चोरियों का पुलिस ने हाल ही में खुलासा किया था। लेकिन, रविवार की रात महरौनी से मात्र दो किमी की दूरी पर स्थित ग्राम किसरदा में चोरों ने एक के बाद एक छह घरों को अपना निशाना बनाया। वह घरों से सोने-चांदी के आभूषण सहित नकदी समेट ले गए। सबसे पहले चोर लगभग डेढ़ बजे राजबहादुर पुत्र गजराज सिंह के घर में पीछे की ओर से घर में घुसे यहां गृहस्वामी की आहट सुनकर बदमाश मुख्य दरवाजे की कुंडी खोलकर भाग गए। बाद में कुछ ही दूरी पर स्थित कम्मोद पुत्र सोबरन सिंह के घर में घुसे। यहां चोरों घर के पीछे से चढ़कर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और अंदर से बंद एक कमरे का दरवाजा हाथ डालकर खोला।
कमरे में रखे बक्सा और अटैची को पीछे ले जाकर कुछ दूरी पर नाले में छोड़कर चले गए। बक्सा और अटैची में रखे 87,000 रुपये नकद, चांदी की 500 ग्राम की करधौनी, 3 जोड़ी पायजेब, 3 जोड़ी सोने की झुमकी और दो जोड़ी कान के टॉप्स ले गए।
इसके बाद बदमाशों ने पाल मुहल्ले में भागीरथ पुत्र खज्जू पाल के घर को निशाना बनाया। चोर मकान के बगल से चढ़कर दूसरी मंजिल में प्रवेश कर गोदरेज की अलमारी को खोलकर उसमें रखे 2 जोड़ी पायजेब, चांदी की करधौनी, चांदी की एक चूड़ी, डेढ़ तोले का मंगलसूत्र, दो तोला सोने की झूमकी, 2 सोने की हाय, 5 जोड़ी बिछुड़ी और 11,000 हजार रुपए नकद ले गए।
इसके बाद चोरों ने लगभग ढाई बजे फूलसिंह पुत्र बारेलाल के घर में घुसे, लेकिन गृहस्वामी की आहट सुनकर वह भाग निकले। पौने तीन बजे के लगभग चोरों ने पत्रकार जितेंद्र तिवारी के पड़ोस में बने मकान के पीछे से चढ़कर छत के रास्ते उनकी माताजी के कमरे में प्रवेश किया। यहां कमरे में रखे बक्से को पीछे ले जाकर उसमें रखे दो जोड़ी सोने के टॉप्स और चांदी की चूड़ी व अन्य कमरे में बैग में रखे 20,000 हजार रुपए चोरी कर ले गए। माताजी के जाग जाने पर चोर पीछे के रास्ते कूदकर भाग निकले। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिस पर कोतवाल जितेंद्र सिंह परिहार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी प्राप्त की।
उधर, ग्राम किसरदा में वारदात कर अज्ञात चोरों के गिरोह ने एक बार फिर पुलिस को अपनी सक्रियता का अहसास करा दिया हैं। भुक्तभोगी कम्मोद सिंह, भागीरथ, राजबहादुर और जितेंद्र तिवारी ने कोतवाली पुलिस को शिकायत पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। वहीं, दोपहर बाद पुलिस की स्वॉट टीम ने चोरी का निशाना बने घरों का निरीक्षण किया तथा समान आदि चोरी जाने की जानकारी प्राप्त की।