कोतवाली अंतर्गत ग्राम मिर्चवारा निवासी नंदलाल रजक ने शीलचंद निरंजन, कैलाश नारायण, मुकेश, हरीओम, लोकेंद्र सिंह एवं विवेक के खिलाफ जमीन बेचने को लेकर मारपीट कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने तथा एक लाख रुपए की रंगदारी मांगने के आरोप में कोतवाली सदर में मुकदमा पंजीकृत कराया है। मुकदमे में नामजद सभी आरोपी वर्तमान सपा जिलाध्यक्ष आल्हा प्रसाद निरंजन के परिवार के हैं। मंगलवार को सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कोतवाली सदर में दर्ज कराए गए मुकदमे पर सवाल उठाते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की थी। साथ ही बार एसोसिएशन के सदस्यों ने भी मुकदमे को राजनीति से प्रेरित बताया था। वहीं, महरौनी तहसील दिवस में भी आरोपियों की ओर से निष्पक्ष जांच को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया था।
इन सभी पहलुओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह को जांच सौंपते हुए रिपोर्ट मांगी है। एएसपी की रिपोर्ट के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। राजनीतिक लोगों से जुड़े होने के कारण यह मामला चरचाओं में है।