ललितपुर। तालबेहट अंतर्गत झररघाट के पास हुई लूट के मामले में अपर सत्र न्यायालय (दस्यु प्रभावित क्षेत्र अधिनियम) ने मध्य प्रदेश में गिरफ्तार चार अभियुक्तों को बुुधवार को तलब कर तालबेहट पुलिस की रिमांड स्वीकृत कर ललितपुर जेल भेज दिया है।
तालबेहट कोतवाली अंतर्गत झररघाट के पास छह दिसंबर 2015 को ट्रकों को पंक्चर कर पांच अभियुक्तों द्वारा लूट को अंजाम दिया गया था। साथ ही ट्रक चालकों के साथ मारपीट की गई थी। लूट को अंजाम देकर सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा उक्त मामले में पांच लोगों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरु की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। इसके बाद उक्त लुटेरों द्वारा 9 मार्च 2016 को मध्य प्रदेश के पिछोर में लूट की घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें शिवपुरी पुलिस ने चार आरोपियों मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ निवासी जितेंद्र सिंह कंजर, सुरेंद्र उर्फ बिल्ला, अफताब उर्फ लंगड़ा एवं भर कंजर को घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी पंजाब सिंह फरार चल रहा है।
तालबेहट पुलिस को जब इस बात की जानकारी हुई कि पिछोर और झररघाट में हुई लूटकांड के आरोपी एक ही हैं, तो तालबेहट पुलिस की मांग पर जनपद न्यायालय द्वारा उक्त आरोपियों को तलब किया गया, जिस पर मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा न्यायालय में चारों को पेश किया गया। इस पर न्यायालय ने शिवपुरी जेल से लाए गए सभी आरोपियों को चौदह दिन की पुलिस रिमांड पर ललितपुर जेल भेज दिया है।