तालबेहट (ललितपुर)। माताटीला रोड़ स्थित एक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने
उपजिलाधिकारी तालबेहट अमिताभ यादव को एक शिकायती पत्र देकर एक बाहरी
व्यक्ति द्वारा विद्यालय की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।
शिकायती पत्र में बताया है कि विद्यालय और नाले के मध्य भूमि है, जिसकी पैमाइश कराने के लिए वह पिछले दो वर्षों से परेशान है।
इस
संबंध में उसने दो शिकायती पत्र तहसील दिवस में देकर अपनी समस्या हल करने
की मांग की परन्तु राजस्व कर्मचारियाें ने उसके शिकायती पत्र पर रिपोर्ट
लगा दी कि नाले के पास भूमि होने के कारण उसकी नाप नहीं हो सकती। इसके बाद
कुछ दबंग राजस्व कर्मचारियों से साठगांठ कर विद्यालय की जमीन पर कब्जा कर
रहे है। इसके लिए उन्होंने नाले के स्वरूप को ही बदल दिया है, जिस पर
उपजिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को मौके पर जाकर अपनी आख्या देने के
निर्देश दिए।
मालूम हो कि पूर्व में उक्त स्थान पर निर्माण
कार्य प्रारम्भ होने के बाद तत्कालीन उपजिलाधिकारी घासीराम राठौर ने उक्त
निर्माण कार्य को बंद करवा दिया था। इसके बाद भू माफिया ने आर के मिश्र के
कार्यकाल में कार्य प्रारम्भ करने का प्रयास किया परन्तु वह सफल न हो सका।
तीसरी बाद दबंग भू माफिया ने प्रशासन की रोक के बाद फिर से कार्य लगा कर
प्रशासन के सामने एक चुनौती दे डाली।