शुक्रवार की दोपहर पीने के लिए गंदा पानी दिए जाने का विरोध करने पर पेशी पर लाए गए एक कैदी को पुलिस कर्मियों ने न्यायालय परिसर में खंभे से बांधकर जमकर पीटा। कैदी ने इस आशय की शिकायत कोर्ट में की है। पुलिस अफसरों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानलेवा हमले में जेल में निरुद्ध चल रहे रामनगर निवासी राहुल को शुक्रवार को न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया। उसे न्यायालय परिसर में बने बैरक में अन्य कैदियों के साथ रखा गया। दोपहर डेढ़ बजे कैदी ने सिपाही से पीने के लिए पानी मांगा। आरोप है कि एक पुलिस कर्मी पहले शौचालय गया और मटके में रखे पानी से पहले उसने हाथ धोया और वही कैदी को पीने के लिए देने लगा। कैदी राहुल ने इसका विरोध किया, तो पुलिस कर्मी भड़क गए। उन्होंने राहुल को बैरक से बाहर निकाल कर हथकड़ी वाले रस्से से खंभे से बांधा और जमकर पिटाई शुरू कर दी। करीब आधा दर्जन पुलिस कर्मियों ने राहुल को पीटा।
इससे मौके पर अधिवक्ताओं और वादकारियों का जमावड़ा लग गया। बाद में राहुल को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। राहुल ने पुलिस कर्मियों द्वारा की गई मारपीट की शिकायत न्यायाधीश से की। प्रतिसार निरीक्षक शिवराम यादव का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कराई जा रही है।