पुलवारा। बार थानांतर्गत सेमरा डांग में ससुर ने अपने बेटे और एक दोस्त के साथ मिलकर दामाद की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी है। बेटी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सेमरा डांग गांव के दीवान जू पुरा निवासी कल्लू (47 ) पुत्र गनपत बढ़ई का घर गांव से दूर खेतों में बना है। छोटी पुत्री के विवाह को लेकर कल्लू का पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ विवाद चल रहा था। कल्लू अपनी पुत्री की शादी अन्य जगह करना चाहता था, लेकिन पत्नी और ससुराल पक्ष के लोग कहीं और रिश्ता करना चाहते थे। पांच दिन पहले उसकी पत्नी मायके गई थी। रविवार को वह अपने भाई गनेश और पिता अजुद्दी के साथ वापस लौटी। रात में कल्लू के साले और ससुर जरूरी काम कहकर उसे घर से बाहर ले गए। सुनसान इलाके में पहुंचने पर उन लोगों ने सोहन यादव के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। तीनों ने मिलकर कल्लू पर लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कल्लू को मरणासन्न हालत में कुछ ही दूरी पर एक गड्ढे में फेंककर फरार हो गये।
सुबह कल्लू की पुत्री घर से बाहर निकली तो अपने पिता को गड्ढे में मृत पड़ा देखकर जोर-जोर से चीखने लगी। शोर सुनकर गांव वाले एकत्रित हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। मृतक की पुत्री की तहरीर पर पुलिस ने थाना जखौरा अंतर्गत बांसी निवासी गनेश पुत्र अजुद्दी, अजुद्दी पुत्र अज्ञात और मथुरा डांग निवासी सोहन यादव पुत्र देशपत यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बार थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के शरीर पर कुल्हाड़ी से वार के निशान हैं। पुत्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।