ललितपुर। संदिग्ध व अवांछनीय तत्वों की धरपकड़ के लिए जिले भर में दो घंटे का सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दर्जनों व्यक्तियों की जांच की गई।
एसपी प्रभाकर चौधरी के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े सात बजे तक चेकिंग अभियान चलाया गया। कोतवाली और थानों पुलिस ने नगरीय व ग्रामीण क्षेत्र के बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सर्राफा बाजार में चेकिंग की। कोतवाली पुलिस ने आठ स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर दर्जनों संदिग्ध तत्वों की तलाशी ली और वाहन चालकों के अभिलेख जांचे, यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधितों के चालान भी किए गए। इसी तरह, कोतवाली महरौनी पुलिस ने एक प्वाइंट पर संदिग्ध लोगों की जांच की।
कोतवाली तालबेहट, थाना जाखलौन, बानपुर, नाराहट, पूराकलां, मड़ावरा थाना, गिरार थाना, पाली थाना, बालाबेहट थाना, जखौरा थाना, बार थाना, सौजना थाना एवं मदनपुर थाना क्षेत्र में भी संदिग्ध तत्वों की जांच की। पुलिस के चेकिंग अभियान से अवांछनीय व असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा रहा।