ललितपुर। पंचायत चुनाव के बाद चुनावी रंजिश थमने का नाम नहीं ले रही है। थाना सौजना अंतर्गत ग्राम छापछौल में प्रधानी चुनाव की रंजिश के चलते मारपीट कर दी गई, जिससे महिलाओं समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया। तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
ग्राम छापछौल निवासी प्रधान पद के उम्मीदवार गिन्नी राजा पुत्र सूरत सिंह ने जिला चिकित्सालय में बताया कि रविवार की शाम वह अपने परिजनों के साथ घर पर थे। इसी दौरान विपक्षी उम्मीदवार हथियारों से लैस होकर दो दर्जन से अधिक साथियों के साथ जबरन उसके घर में घुस आए और गाली - गलौज करते हुए मारपीट कर दी। जब परिजन बीच-बचाव के लिए आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें उसका बड़ा भाई रजऊ राजा, राज प्रताप राजा पुत्र फेरन सिंह, जंडेल सिंह व उसकी पत्नी मीना राजा, पुत्री रीना राजा घायल हो गए।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने बंदूक से दो फायर भी किए, बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया। घायलों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर कार्रवाई शुरू कर दी है।