ललितपुर। अलग-अलग स्थानों पर रेल पटरियों पर दो लोग घायलावस्था में पडे़ मिले, जिनको जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, दूसरे को झांसी रेफर कर दिया गया।
मंगलवार सुबह दैलवारा स्टेशन के पास एक घायल युवक के रेल पटरी पर पड़े होने की सूचना स्टेशन स्टाफ को दी गई। झांसी से आ रही कुशीनगर ट्रेन से घायल युवक को रेलवे स्टेशन लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास मिले आधार कार्ड के मुताबिक सतेंद्र सिंह पुत्र वीर सिंह ग्राम अरोनक जिला आगरा के तौर पर पहचान हुई है।
वहीं, जाखलौन रेलवे स्टेशन के पास भी एक अधेड़ घायलावस्था में मिला। पैसेंजर ट्रेन से उसे रेलवे स्टेशन लाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर देखते हुए उसे झांसी रेफर कर दिया गया। उसके पास भोपाल से बीना तक की टिकट मिली है, लेकिन कोई अन्य दस्तावेज न मिलने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।