ललितपुर। रविवार शाम को प्रधान पद के चुनाव परिणाम आते ही जनपद के विभिन्न गांवों से मारपीट की घटनाओं की खबरें आना शुरु हो गईं है। ग्राम सिलगन में नवनिर्वाचित महिला ग्राम प्रधान के साथ मारपीट कर दी गई। वहीं, ग्राम पटौरा कलां के प्रधान पद के उम्मीदवार के साथ मारपीट कर दी गई। घटनाओं में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिलगन गांव में हारे हुए प्रत्याशी ने जीते प्रत्याशी समेत उनके परिवार के 14 लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। ग्राम सिलगन निवासी कमलेश राजपूत ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ी हैं। जखौरा ब्लॉक में मतगणना के बाद कमलेश के विरोधी प्रत्याशी हार के बाद गांव वापस आ गए। जब कमलेश अपने समर्थकों सहित गांव आयीं, तो घात लगाए बैठक हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। नवनिर्वाचित प्रधान पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। उन्हें बचाने आए अन्य परिजनों को भी हमलावरों ने बुरी तरह घायल कर दिया।
हमले में प्रधान पक्ष के कुल 14 लोग घायल हो गए। घायलों में ग्राम सिलगन निवासी कमलेश राजपूत, रामगोपाल, यशवती, ओमवती, रतीराम, ज्ञानबाई, गुलाब सिंह, पुष्पेंद्र, राजेश, रेखा, सुनीता, राजकुमार, पन्नालाल, प्रमोद आदि शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान कमलेश राजपूत के सिर में गंभीर चोटें हैं। चुनावी रंजिश की खबर सुनकर पुलिस ने तुरंत सिलगन गांव में दबिश दी, लेकिन सभी हमलावर घर छोड़कर भाग गए। सिलगन की तरह ही कई अन्य गांवों में भी चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद से ही मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
ग्राम पटौरा कलां में एक हारे हुए प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान देवगढ़ रोड पर विपक्षियों ने हमला कर दिया, जिससे आधा दर्जन लोग घायल होगए।