ललितपुर। जनपद पुलिस ने कानपुर जोन में अपराध नियंत्रण करने के मामले में उत्कृष्ट कार्य कर अव्वल स्थान प्राप्त किया है। जिले ने 48 नंबर पाए हैं।
आईजी जोन कानपुर जकी अहमद ने दस बिंदुओं को जारी कर जिलों में अपराध नियंत्रण करने के निर्देश दिए थे। इसमें हत्या, लूट, डकैती, नकबजनी, अपहरण आदि संबंधित दस मामलों का खुलासा करना था। अपराधियों पर कार्रवाई करने में 55 लोगों का लक्ष्य, उपयुक्तता के आधार पर गुंडा एक्ट, अग्रिम विवेचना का लक्ष्य 42, पुरस्कार घोषणा का लक्ष्य चार व गैंगस्टर की कार्रवाई का लक्ष्य दस था।
इन बिंदुओं के आधार पर कानपुर जोन के अंतर्गत आने वाले नौ जिलों कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरय्या, कन्नौज, झांसी, फतेहगढ़, जालौन और ललितपुर को कार्य करना था। जनपद पुलिस ने आईजी के निर्देशों का पालन करते हुए पूरे जोन मे मई माह में बेहतरीन कार्य किया।
जोन के नौ जिलों में 48 नंबर पाकर जनपद का पहला स्थान रहा, जबकि कानपुर नगर ने 44 नंबर पाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, आईजी की तरफ से सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को पेंडिग मामले निपटाने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी करने को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं।
हर महीने दिया जाएगा लक्ष्य
आईजी जोन कानपुर की तरफ से सभी जिलों को अपराध नियंत्रण के लिए दस बिंदुओं के आधार पर कार्रवाई का लक्ष्य हर महीने दिया जाएगा। माह के समाप्त होने पर सभी जिलों की पुलिस द्वारा किए गए कार्य की समीक्षा कर रैंक जारी की जाएगी। लगातार अच्छा कार्य करने वाले जिले को पुरस्कृत को लगातार फिसड्डी रहने वाले जिले को लेकर विशेष समीक्षा की जाएगी।
आठवें से पहले पर आया
पुलिस अधीक्षक मो. इमरान ने आईजी के निर्देशों को लेकर सभी थानाध्यक्षों को दिशा निर्देश जारी किए थे। इसमें थानाध्यक्षों को अपने थानों में लंबित विवेचनाओं को त्वरित गति से निपटाने, आसामाजिक तत्वों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने, विभागीय जांचों को निपटाने सबंधी निर्देश दिए थे। एसपी के प्रयासों से पहले महीने में पूरे जोन में आठवें नंबर पब रहने वाला जनपद मई माह में पहले स्थान पर आ गया है।
जनपद ने पूरे जोन में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके लिए पूरे पुलिस महकमे ने मेहनत की है और समस्त स्टाफ बधाई का हकदार है। अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार सर्तकता बरती जा रही है, आगे भी जनपद पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई को लेकर सख्त रुख अपनाए रखेगी।
- मो. इमरान
पुलिस अधीक्षक