ललितपुर। जिला पंचायत सदस्य पति के साथ मारपीट कर रंगदारी मांगने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने जखौरा ब्लॉक प्रमुख व उनके पार्षद पुत्र सहित परिवार के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद कोतवाली में दिन भर नेताओं का जमावड़ा लगा रहा।
जिला पंचायत सदस्य सिंदवाहा बबीता यादव के पति महेंद्र यादव कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला तालाबपुरा में निवास करते हैं। पुलिस को दी तहरीर में उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे पार्षद भवानी सिंह यादव अपने भाई हरी सिंह व धर्मेंद्र यादव के साथ उनके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटा कर महेंद्र को बाहर बुलाया। उनका आरोप है कि बाहर आने पर पार्षद भवानी सिंह ने गाली- गलौज करते हुए उनके सिर पर तमंचा अड़ा दिया और उनसे पचास हजार रुपये रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की गई। चिल्लाने पर पड़ोसी व परिजन एकत्र हो गए, जिस पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख जखौरा कैलाश यादव, उनके पुत्र पार्षद भवानी सिंह यादव, हरी सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव व भाई बलवीर यादव व राजू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सत्ताधारी पार्टी के दो नेताओं के बीच हुए विवाद को सुलझाने के लिए पार्टी के कद्दावर नेताओं ने शुक्रवार की सुबह से ही कोतवाली में डेरा जमा लिया था। कई दौर की बातचीत होने के बाद जिला पंचायत सदस्य पति महेंद्र सिंह यादव को मनाने की कोशिश जारी रही, लेकिन उन्होंने किसी भी दबाव में आने से मना करते हुए कार्रवाई की मांग की। सियासी गलियारों में दोनों पक्षों के लोग आलाकमान से अपने पक्ष के लिए पैरोकारी करते नजर आए।