ललितपुर। दो बदमाशों ने शुक्रवार को रात में दुकान बंद कर घर लौट रहे खाद के बड़े व्यापारी को इलाइट चौराहा के पास गोली मारकर पच्चीस लाख रुपये लूट लिए। घायल व्यापारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस अफसर अस्पताल पहुंच गए हैं।
इलाइट चौराहा के पास पीताबंरा अस्पताल के निकट रहने वाले अनिल जैन डोंगरा की मंडी के पास खाद की दुकान है। रात करीब ग्यारह बजे वह दुकान बंद कर दिन भर की बिक्री एक बैग में रखकर बाइक से अपने घर आ रहे थे। जैसे ही वह मुख्य मार्ग से घर की ओर मुड़े वहां मौजूद दो बदमाशों ने तमंचे से गोली मार दी। गोली अनिल के हाथ में लगी, इससे वह वहीं गिर पड़े।
इस दौरान बदमाश अनिल का रुपयों से भरा बैग लूटकर भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां भीड़ लग गई। आनन फानन में अनिल को अस्पताल ले जाया गया। बताया गया कि बैग में करीब पच्चीस लाख रुपये रखे हुए थे।