कोतवाली के ग्राम कल्यानपुरा निवासी राजेश कुमार लोधी पुत्र गोरेलाल 17 नवंबर की रात मुख्यालय से बाजार कर बाइक से घर जा रहे थे। ग्राम विरारी के पास अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह मौके पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच वहां से गांव के कुछ लोग निकले। उन्होंने राजेश को घायल देखा तो परिजनों को सूचना दी। 108 एंबुलेंस द्वारा राजेश को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। भाई बृजेश कुमार ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
वहीं ग्राम मऊमाफी निवासी विन्दा कबूतरा पुत्र बब्बू अपने साथी ग्राम रघुनाथपुरा निवासी बबलू कुशवाहा के साथ मोटरसाइकिल से कच्ची शराव की बोरी लेकर अड्डे पर जा रहा था। तभी ग्राम रजवारा में मौसी के यहां घूमने आये मासूम विकास पुत्र राकेश निवासी मध्यप्रदेश के ग्राम टपरियन जिला टीकंमगढ से बाइक टकरा गई। इससे मासूम समेत बाइक सवार गिरकर घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया जहां बाइक सवार बबलू कुशवाहा की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे झांसी रेफर कर दिया।
उधर, शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन निवासी एसआई मावूद रजा पुत्र मुहम्मद रजा बाइक से बांसी चौकी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक जानवर बाइक के सामने आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे एसआई घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।