ललितपुर। सात जनवरी को इंजीनियर पुत्र का अपहरण करने वाले फरार आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि बजाज पावर प्लांट में इंजीनियर गौतम राय के पुत्र आयुष उर्फ ऋषि का अपहरण उसके दोस्तों ने किया था।
पुलिस की सक्रियता को देखते अपहरणकर्ता आयुष को टीकमगढ़ जिले के जंगल में छोड़कर भाग गए थे। कोतवाली पुलिस व स्वॉट ने 13 जनवरी को अपहरण के तीन आरोपियों राम राजपूत निवासी बम्हौरीकलां, रूपेश तिवारी निवासी आजादपुरा और देवेंद्र यादव निवासी पठा टीकमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया था।
जबकि, मुख्य आरोपी राजेंद्र यादव निवासी ग्राम बौरी टीकमगढ़ मप्र फरार चल रहा था। फरार आरोपी पर डीआईजी झांसी ने दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
बुधवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड पर दबिश देकर आरोपी राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी उदयभान सिंह यादव, एसएसआई निगवेंद्र प्रताप सिंह, सीएल गुप्ता व श्याम सुंदर यादव आदि शामिल रहे।
यह था मामला
बजाज पावर प्लांट में इंजीनियर गौतम राय के पुत्र आयुष राय का अपहरण सात जनवरी को उनके घर में काम करने वाली महिला के पुत्र ने अपने दोस्तों के साथ कर लिया था। घटना वाले दिन राम राजपूत उसे कचनौंदा बांध घुमाने के बहाने टीकमगढ़ ले गया था, जहां उसे राजेंद्र के हवाले कर दिया गया था।
छात्र को अपह्त करके उसके पिता से बीस लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। हालांकि, पुलिस की सक्रियता को देखते हुए अपह्त छात्र को उसी दिन बरामद कर लिया गया था।