ब्लाक के ग्राम पंचायत म्याव के मजरा सेमरखेरा में प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश पटैरिया द्वारा आत्महत्या करने के मामले में शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं, सोमवार को विद्यालय खुलने के बाद भी छात्र नहीं आए।
बताते चले कि शनिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत प्रधानाध्यापक ओम प्रकाश पटैरिया ने उत्पीड़न से परेशान होकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर जीवन लीला समाप्त कर ली गई थी। इस मामले में ग्राम प्रधान सहित पांच लोगों पर कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिसमें ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी हो चुकी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली पुलिस ने उनके निवास स्थानों सहित अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन पुलिस को कोई सफलता हासिल नहीं हुई।
वहीं, घटना के दो दिन बाद पूरे गांव में सोमवार को सन्नाटा पसरा रहा। सोमवार को पुलिस ने विद्यालय जाकर अपनी कागजी कार्रवाई पूरी करके विद्यालय की चाबी स्टाफ को दी। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार सहित सहायक अध्यापिका अनीता शाक्या और शिक्षा मित्र नरेंद्र सिंह विद्यालय पहुंचे, लेकिन कोई भी छात्र विद्यालय नहीं पहुंचा।