क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर हो रहे अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने माताटीला के पास स्थित बेतवा नदी पर दबिश देकर दो ट्रैक्टरों को अवैध रूप से बालू का खनन करते पकड़ा। पुुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को लाकर कोतवाली में खड़ा करवा दिया। मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बताते चलें कि तालबेहट तहसील अंतर्गत पूराकलां, विजयपुरा, झांवर, कंधारी कला, कंधारीखुर्द, गुलैंदा, चक, कड़ेसराकलां, गेवरा गुंदेरा, झरर आदि गांवों में बालू का अवैध कारोबार व्यापक पैमाने पर चल रहा है। कुछ दिन पूर्व क्षेत्र में हो रहे अवैैध खनन पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक कैप्टन मिर्जा मंजर बेग ने अधीनस्थ अधिकारियों के पेंच कसें थे।
इसी क्रम में कोतवाली के उपनिरीक्षक बचनेश सिंह गौर को मुखबिर द्वारा सूचना मिली की माताटीला बांध के पास बेतवा नदी में कुछ लोग अवैध रूप से बालू का काला कारोबार कर सरकार को लाखों रुपये की क्षति पहुंचा रहे है। जिस पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखकर कुछ ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल हो गए। मौके पर पुलिस ने दो बिना नंबर के बालू भरे ट्रैक्टरों को पकड़ा। एक ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल हो गया।
बाद में पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों का लाकर कोतवाली में खड़ा करवा दिया। पुलिस ने करन सहरिया और एक अज्ञात चालक के खिलाफ चोरी एवं खनन अधिनियम सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।