पुलिस सुन नहीं रही, डाक्टर भी कर रहे परेशान
टूटी हड्डियाें का एक्सरा लेकर भटक रहा चुटहिल
पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन देकर की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम कचरौंदा निवासी एक महिला अपनी पति के साथ हुई मारपीट करने के मारने में टूटी हुई हड्डियों का एक्सरे लेकर भटक रही है। उसकी न तो पुलिस ही कोई मदद कर रही है और डाक्टर भी सही इलाज के लिए परेशान कर रहे हैं। पीड़ित महिला ने पुलिस महानिदेशक को एक ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम कचरौंदा निवासी नर्मदा ने पुलिस महानिदेशक को भेजे ज्ञापन में बताया कि उसके गांव के ही आधा दर्जन से अधिक दबंग उसकी पुस्तैनी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर उसे बेदखल करना चाहते हैं। 14 नवंबर 2014 को शाम पांच बजे जब वह अपनी भैंसें चराकर वापस आ रही थी, तो गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट कर दी थी। तब उसकी शिकायत पर पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर लिया था, जो अब न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बाद गत सात जुलाई को उसके पति रामदयाल बकरियां लेकर खेत से अपने घर की ओर गांव में जा रहे थे कि तभी उक्त तीन-चार लोगों ने रंजिशन उसके पति को गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की नीयत से मारपीट की और उसके पति को बेहोशी हालत में छोड़कर भाग गए। इसकी रिपोर्ट भी थाना बानपुर में की गई थी और थाना पुलिस ने उसके पति को गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। बानपुर पुलिस ने उसके पति को अंगूठा लगाकर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया। जबकि उसके पति का दाहिना कंधा टूट चुका था। उसके पति के मुंह के दो दांत भी मारपीट में टूट चुके थे। जिला चिकित्सालय में उसके पति का उचित उपचार न करते हुए पहले तो नौ जुलाई को डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से शिकायत पर पुन: उसे भर्ती कर लिया गया, लेकिन उसका उचित उपचार जिला चिकित्सालय में न कराते हुए चिकित्सालय से बाहर प्राइवेट पैथौलॉजी में एक्सरा करवाने को भेजा। जिसमें उसके कंधे की हड्डी टूटी निकली, तो जिला चिकित्सालय के चिकित्सक टाला मटौली करते हुए ग्लूकोज की बोतलें चढ़ाते रहे व इलाज में लापरवाही की गई। लेकिन उसके पति के कंधे में पर न तो प्लास्टर बांधा गया और न ही कोई उचित इलाज ही किया। उसने चिकित्सकों पर आरोप लगाया के चिकित्सक विपक्षियों के साथ सांठगांठ करते हुए उसे परेशान करते रहे। वह कई बार थाना बानपुर व एसपी के पास कार्रवाई को चक्कर भी काटती रहे, लेकिन सरकारी अस्पताल में परेशान होने पर उसे प्राइवेट चिकित्सक से इलाज कराना पड़ रहा है। इसके बाद भी विपक्षी नहीं माने और उसके मकान में घुसकर उसके जेवरात करदौनी, पायलें व दस हजार रुपए लूटकर गत 11 जुलाई की पूर्व रात्रि करीब 11 बजे उसके मकान में आग भी लगा दी। जिस पर उसकी बहू पूजा ने डायल 100 पर सूचना दी, तब पुलिस ने आग बुझाई थी। पीड़िता ने पुलिस महानिदेशक से उक्त दबंगों से उसकी जानमाल की सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने अपने साथ किसी प्रकार की घटित घटना होने पर पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी के लिए जिम्मेदार होने की बात कही है।