घटिया निर्माण में कार्यदायी संस्था समेत अफसर फंसे
टीएसी जांच ने निकाल दी रिकवरी
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। तहसील महरौनी अंतर्गत ग्राम गुढ़ा में राजकीय अनुसूचित जाति छात्र छात्रावास के जीर्णोद्घार निर्माण के मामले में कार्यदायी संस्था सहित अफसर कार्रवाई के लपेटे में आ गए हैं। टीएसी जांच ने निर्माण में तमाम गड़बड़ियां साबित होने पर कार्यदायी संस्था समेत कुछ अफसरों पर कुल 79181.62 की रिकवरी प्रस्तावित की है। इससे विभागीय अफसरों में हड़कंप है।
राजकीय अनुसूचित जाति छात्र छात्रावास के जीर्णोद्घार के लिए 63.42 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन कार्यदायी संास्था ने इसमें व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की गई। इस संबंध में पहले ही तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी रिंकू सिंह राही ने कार्यदायी संस्था के आला अफसर को पत्र लिखा था। जब कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने समाज कल्याण निदेशक को पत्र लिखा। इसके बाद भी मामला ठंडे बस्ते में पड़ा रहा, जब इसकी आईजीआरएस पर हुई तो एक बार फिर मामला गरमा गया। इसकी पड़ताल की जिम्मेदारी टीएसी को दी गई। टीएसी ने जांच के दौरान हर जगह गड़बड़ी पाई। स्थलीय निरीक्षण में भवन का पूरा प्लास्टर किया गया है जो ठीक पाया गया। फर्श में कई जगहों पर क्रेक्स हैं। टीएसी (टेक्निकल आडिट कमेटी) ने संबंधित फर्म सहित कार्यदायी संस्था के अफसरों पर रिकवरी प्रस्तावित कर दी है। इससे विभागीय अफसरों में खलबली मच गई है। हालांकि, इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल से जानना चाहा तो उन्होंने कुछ स्पष्ट बोलने से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि यह मामला पहले से चल रहा है। जब से कार्यभार संभाला है, तब से क्या कार्रवाई हुई? इसकी जानकारी नहीं है।