बैंक के अंदर से चोरों ने गायब किया नकदी से भरा बैग
तुवन चौराहा स्थित बैंक में वसूली के रुपये जमा करने गया था विद्युत विभाग का कैशियर
सीसीटीवी में कैद हुई चोर की तस्वीर
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने सोमवार को बैंक के अंदर से बिजली विभाग के कर्मचारी का नकदी से भरा बैग पार कर दिया। कर्मचारी बिजली विभाग के वसूली के रुपयों को जमा करने के लिए बैंक गया हुआ था। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कर्मचारी ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गोविंद नगर मुहल्ला निवासी रमेश प्रसाद कुशवाहा नझाई बाजार के विद्युत वितरण खण्ड पर कैशियर के पद पर तैनात हैं। रमेश ने पुलिस को शिकायतीपत्र देकर बताया कि सोमवार की दोपहर वह तीन दिन के जमा हुए बिल का भुगतान एक लाख 73 हजार 802 रूपये काले रंग के बैग में रखकर तुवन चौराहे पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा में जमा करने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान जब वह बैंक में रूपये जमा करने की लाइन में लगा हुआ था। एक व्यक्ति के वाद नंबर आने के कारण उसने बैग को पैरों के पास रख लिया। इसी दौरान बैंक में मौजूद दो सक्रिय चोरों की नजर उस पर पड़ गई, और लाइन में लगे एक चोर का इशारा पाकर बैग के करीब खड़े एक नावालिग चोर ने बैग को उड़ाकर अपने साथी को दे दिया। नंबर आते देख जब विद्युत विभाग के कर्मचारी ने रूपये जमा करने के लिए नीचे देखा तो बैग को गायब देख बैंक मैनेजर को इस बात की जानकारी दी। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखने के बाद चोरी की वारदात की तस्वीरों ने सारी कहानी खोलकर रख दी। कोतवाली से चंद कदम दूर पर स्थित बैंक काफी समय से चोरो के निशाने पर रहा है। कर्मचारी ने बताया कि नकदी के साथ ही बैग में रखा एक मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, तीन उपभोग हुई रसीद बुक, चाबी का गुच्छा, पासबुक, चेकबुक व रिलाईलेसन सीट भी बैग के साथ चोरी हो गई है।