शिकायतों पर पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
ललितपुर। रबी सीजन में फसलों की बुवाई होते ही किसानों के झगड़ों में बढ़ोत्तरी हो गई है। ऐसे मामले विभिन्न थानों में पहुंच रहे हैं। हालांकि, पुलिस राजस्व संबंधी मामले बताकर इनसे पल्ला झाड़ने का प्रयास कर रही है। जिससे किसानों की परेशानी कम नहीं हो रही हैं।
थाना बार के ग्राम देवरान निवासी जगदीश नारायण ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि सात जुलाई को सुबह नौ बजे कुछ प्रभावशाली लोगों ने उसके खेत में फसल की बुवाई कर दी। मना करने पर गाली गलौज करते हुए उन्हें धमकाने लगे। प्रार्थना पत्र थानाध्यक्ष को दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी थाने के ग्राम रमपुरा निवासिनी मीरा जैन ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसने अपनी भूमि की हदबंदी कराई है, जिसके पत्थर उखाड़ दिए हैं। इस दौरान सौ नंबर डायल को फोन किया तो मौके पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। ललितपुर तहसील अंतर्गत ग्राम खड़ेरा निवासी प्रेम दुलारी ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ग्राम भैसाई में खेत में उड़द फसल की बुवाई कराई है। इस बात की जानकारी प्रभावशाली लोगों को हुई तो उन्होंने खेत को जबरन जोत दिया। उधर, कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला लक्ष्मीपुरा निवासी पुरुषोत्तम ने केंद्रीय मंत्री व क्षेत्रीय सांसद को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि उसकी नगर पालिका हद बाहर भूमि है। जिस पर कुछ लोग जबरन कब्जा कर रहे है। सभी शिकायत कर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।