एमए-1 बालकृष्ण गोयल, सदस्य, हरियाणा बाल संरक्षण आयोग।
---
स्कूली बच्चों की पिटाई की वीडियो की जांच में जुटा बाल संरक्षण आयोग
-वीडियो में बच्चों को बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे अध्यापक
-एक वीडियो रेवाड़ी जिले की बताई जा रही थी, जांच में नहीं निकली
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। स्कूली बच्चों की बेरहमी से पिटाई करने की 12 वीडियो की जांच में हरियाणा बाल संरक्षण आयोग जुट गया है। हालांकि, एक वीडियो के रेवाड़ी जिले के एक स्कूल की बताई जा रही थी। जांच में उक्त वीडियो रेवाड़ी की नहीं निकली है। संबंधित जिलों को भी हरियाणा बाल संरक्षण आयोग ने पत्र भेजा है।
हरियाणा बाल संरक्षण आयोग के सदस्य बालकृष्ण गोयल ने बताया कि पिछले एक माह से सोशल मीडिया, फेसबुक, व्हाट्सएप पर बच्चों को बेरहमी से पीटते हुए की वीडियो वायरल की जा रही है। इसमें अध्यापक बच्चों को कमरे के अंदर ही बेरहमी से लाठी या फिर लात घूसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। इस तरह की हरियाणा, रोहतक, रेवाड़ी, पानीपत, सोनीपत की 12 वीडियो उनके पास पहुंचीं। जिनकी जांच आयोग ने शुरू कर दी है। इसके अलावा जांच के लिए संबंधित जिले की बाल कल्याण समिति को भी पत्र भेजा। रेवाड़ी की जो वीडियो बताई जा रही थी। जांच में वह रेवाड़ी की नहीं निकली। किसी अन्य जिले की है। बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। जांच में जो भी अध्यापक इस तरह से बेरहमी से बच्चे की पिटाई कर रहा है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।