आउटसोर्सिंग के दस कर्मचारियों की नौकरी पर संकट
निर्माण विभाग में समायोजित करने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। नगर पालिका परिषद में मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए रखे गए 23 में से 10 कर्मियों की नौकरी पर संकट के बादल छा गए हैं। ऐसा पालिका के ईईएसएल कंपनी से अनुबंध होने के कारण हुआ है। अनुबंध के अनुसार एलईडी लाइटों के रखरखाव की व्यवस्था कंपनी के कर्मचारियों द्वारा की जानी है। इस स्थिति में आउट सोर्सिग में लगे दस कर्मचारियों की आवश्यकता ही नहीं रही है। अब उन्हें निर्माण में समायोजित करने की तैयारी है।
नगर पालिका परिषद में कर्मचारियों की कमी को आउटसोर्सिग के जरिये पूरा किया जा रहा है। बीते माह पालिका ने मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए 23 कर्मचारियों को रखा है। इन्हें तैनात करने में जल्दबाजी दिखाई गई। जिससे अब 10 कर्मचारियों की नौकरी पर तलवार लटक गई है। बता दें कि पालिका ने शासनादेश के अनुसा ईईएसएल कंपनी ने अनुबंध किया है। जिसमें स्ट्रीट लाइटों के स्थान पर एलईडी लगाई जानी हैं। जिसका काम शुरू हो गया है। विभिन्न वार्डो में एलईडी लाइट बदली भी जा चुकी है। पालिका का यह अनुबंध बहुत पहले ही हो गया था तो आवश्यकता से अधिक कर्मचारियों की रखने की क्या जरूरत थी? अब पालिका के जिम्मेदार के लोग अपनी कमी को छिपाने के लिए समायोजन का फार्मूला लेकर आए हैं। बीते दिनों बोर्ड बैठक के आए एजेंडे में इसे लाया गया था। जिसमें अतिरिक्त कर्मचारियों को पालिका के निर्माण विभाग में समायोजित किए जाने के लिए स्वीकृति के लिए रखा जाना था। लेकिन यह बोर्ड बैठक अध्यक्ष और ईओ की खींचतान में नहीं हो पाई। अब इसे अगली बोर्ड बैठक में लाने का विचार है। फिलहाल, बोर्ड बैठक के टलने से इन कर्मचारियों की वेतन का भुगतान भी नहीं हो पा रहा है।
......
लाया जा सकता प्रस्ताव
बोर्ड बैठक में कोई भी प्रस्ताव लाया जा सकता है। प्रस्ताव पारित करने का अधिकार सदन के पास है।
अवनींद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी
नगर पालिका परिषद