न्यायालय अभिरक्षा से भागने के अभियुक्त की रिपोर्ट दर्ज
ललितपुर। थाना तालबेहट अंतर्गत मुहल्ला चौबयाना निवासी अभियुक्त के खिलाफ थाना कोतवाली पुलिस ने न्यायालय अभिरक्षा से भागने के अपराध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अपराधी की तलाश में पूरे जनपद में तलाश कर रही है।
कोर्ट मोहर्रर रणविजय ने थाना कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार को अपर सत्र न्यायालय (फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम) की अदालत में तालबेहट के मुहल्ला चौबयाना में बीते सात वर्ष पुराने गैर इरादतन हत्या के एक मामले में वह अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम) में तैनात था, करीब साढ़े तीन बजे उक्त वाद के निर्णय के वास्ते उपरोक्त मुकदमे में जो निर्णय होना है, वह मुल्जिम बाहर बैठे हैं, उन्हें बुलाने को कहा गया। तब उसने बाहर जाकर रघुवीर आदि के बारे में आवाज लगाई तो अभियोग को अभियुक्त रघुवीर व उसकी पत्नी पेशकार के समक्ष खड़े हुए और वह अपने कार्य में लग गया। तभी अचानक उसकी तबियत बिगड़ने लगी और घबराहट, उल्झन होने लगी। उसकी शरीर से पसीना आने लगा और वह अपने सहयोगी कोर्ट मुहर्रर सुभाष को बताकर शौचालय की तरफ गया और वहीं पर गस्त खाकर गिर गया। बीस मिनट बाद वहां पर मौजूद लोगों ने उठाकर बेंच पर लिटा दिया। जब होश आया तो मौजूद लोगों द्वारा ज्ञात हुआ कि बबलू पुत्र रघुवीर वहां से पेशाब करने के बहाने भाग गया है। प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली ने कोर्ट मुहर्रर की तहरीर पर बबलू के खिलाफ न्यायालय अभिरक्षा से भागने के अपराध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उक्त भागे हुए अपराधी की तलाश में चप्पे-चप्पे पर छानबीन कर रही है। कोर्ट द्वारा उक्त अभियुक्त के खिलाफ गैर जमानती और कुर्की के वारंट भी जारी कर दिए हैं।