घायल पड़े मिले युवक की मौत
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुआंतला निवासी एक युवक को रात्रि में लगभग साढ़े ग्यारह बजे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने विपक्षियों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
ग्राम कुआंतला निवासी कुलदीप सिंह (21) पुत्र शेर सिंह बीती रात गांव में मंदिर के पीछे गंभीर घायल अवस्था में पड़ा मिला। परिजन घायल को जिला अस्पताल लाए, जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई भानु प्रताप ने बताया कि सोमवार की सुबह उनका भाई घर से शौच करने गया, जहां पर गांव के कुछ लोग आए और अपने साथ चलने के लिए कहने लगे। इस पर मृतक ने मोबाइल उठाकर लाने के लिए कहा, लेकिन विपक्षियों से मोबाइल लेने से मना कर दिया और अपने साथ ले गए। आरोप है कि पूरे दिन कुलदीप सिंह को शराब पिलाई और मारपीट की। देर रात्रि तक वापस नहीं आने पर परिजन खोजबीन करने लगे। पिता खोजबीन करते हुए गांव के मंदिर के पीछे पहुंचे, जहां पर उन्होंने देखा कि कुलदीप सिंह को नहर की गूल में बह रहे पानी में डाल कर मारपीट की जा रही थी। पिता के चिल्लाने पर विपक्षी मौके से भाग गए। इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी गई, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। कुछ देर बाद पुलिस का डायल 100 वाहन पहुंचा और कुलदीप सिंह को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने विपक्षियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक दो भाइयों में छोटा था। बीए प्रथम वर्ष का छात्र था।
एक वर्ष पहले हुआ था विपक्षियों से विवाद
मृतक के बड़े भाई भानुप्रताप सिंह ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों से एक वर्ष पूर्व विवाद हुआ था। इस पर विपक्षियों ने भाई के साथ मारपीट की थी। तब से विपक्षी रंजिश मानते हैं।
मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक
शहर कोतवाली