पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष समेत 19 पर रिपोर्ट
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व तीन पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट
डकैती की धाराओं में दर्ज मुकदमा सामान्य धाराओं में तरमीम
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत पुलिस ने पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रमेश खटीक व उनके तीन पुत्रों समेत 15 अज्ञात के खिलाफ डकैती की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मुकदमे को जमीन पर कब्जा करने की धाराओं में मुकदमा तरमीम कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चौबयाना मुहल्ला निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र गोपीशरण भट्ट ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि नौ जनवरी की रात वह नेशनल हाइवे पर स्थित 0.607 हेक्टेयर जमीन पर भतीजे प्रभात शर्मा के साथ गया हुआ था। तभी पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रमेश खटीक पुत्र मटरूलाल अपने पुत्र मनोज, जितेंद्र और राजकुमार व 15 अज्ञात आरोपियो के साथ आकर उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने जेसीबी मशीन से उसकी बाउंड्रीवाल तोड़ने लगे। विरोध करने पर आरोपी रमेश खटीक व उसके पुत्रों व अज्ञात आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगे। आरोपी जमीन पर रखे उसके घरेलू सामान लूट कर ले जाने लगे। मना करने पर आरोपी मारपीट को आमादा हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ डकैती की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच कर उसे जमीन पर कब्जा करने की धाराओं में तरमीम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।