सात लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत नई बस्ती मोहल्ले में दो लाख रुपये दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने ससुराल पक्ष के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजकुमारी के पिता बानपुर थानांतर्गत खिरिया मिसर निवासी कृपाशंकर पुत्र रामशंकर पुरोहित ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी की शादी नई बस्ती निवासी परशुराम पुत्र केशव नारायण टोंटे के साथ हुई थी। इसके बाद से ही लगातार ससुरालीजन उनकी बेटी से अतिरिक्त दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर आए दिन राजकुमारी को प्रताड़ित करते थे। इस संबंध में राजकुमारी ने 16 जून को शहर कोतवाली में समाधान दिवस में प्रार्थनापत्र भी दिया था। लेकिन, कोई कार्रवाई न होने से ससुरालपक्ष के लोगों के हौसले बुलंद हो गए। तहरीर में बताया कि 17 जून की रात जब हम लोग बेटी के घर पहुंचे तो ससुरालीजन भागते दिखे। अंदर जाकर देखा तो राजकुमारी जमीन पर मरी पड़ी थी, उसके गले पर निशान भी थे। इससे लग रहा है कि मेरी बेटी की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर ससुराल पक्ष के जयराम पुत्र शिवनारायण, सीताराम पुत्र शिवनारायण, पराशुराम पुत्र शिवनारायण, सीमा पत्नी जयराम, गुड्डी पत्नी सीताराम, पुष्पा पुत्र राजकुमार और गोलू पुत्र जयराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।