आग से गेहूं की फसल जलकर नष्ट, लाखों का नुकसान
महरौनी / ललितपुर। थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम चढ़रऊ में अज्ञात कारणों के से किसानों की गेहूं फसल में आग लग गई। इससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। खेतों में रखी कटी फसल जलकर नष्ट हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
ग्राम चढ़रऊ में सोमवार की दोपहर करीब ढाई बजे एक किसान के खेत में अचानक चिंगारी उठने से आग लग गई, जब तक दूसरे किसान कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग की लपटें दूर- दूर तक दिखाई देने लगी। यह जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के लिए प्रयास शुरु कर दिए और फायर बिग्रेड को इसकी सूचना दी।
सूचना पर महरौनी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इससे पूर्व कि फायर बिग्रेड पहुुंचती आग आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने किसानों से आग के चारों ओर के खतों में जुताई शुरू करवा दी। वहीं, फायर बिग्रेड के पहुंचने पर आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया, लेकिन तब तक किसानों का काफी नुकसान हो गया था। यहां करीब 15 से 20 एकड़ खेतों में आग लगी थी। कुछ किसानों की खड़ी फसल के साथ ही कुछ किसानों की गेें की कटी फसल भी रखी हुई थी। ग्राम चढ़रऊ के किसान अजय पाल माते, श्रीराम माते, शिब्बू बिलवार और खुशी बिलवार की गेहूं की फसल जल गई। इस सबंध में भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष लाखन सिंह पटेल ने कहा कि किसानों ने भारी नुकसान हुआ है। उनको फसल का मुआवजा दिया जाए।