सजायाफता फरार पति पहुंचा जेल, दस हजार का था इनाम
सजा सुनाए जाने के बाद न्यायालय से हुआ था फरार
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
एक माह पूर्व अपर सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम की अदालत से सजा सुनाए जाने के बाद जेल जाने के डर से एक सजायाफ्ता फरार पति शनिवार को पकड़ा गया और उसे पुलिस ने न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फरार सजायाफ्ता अभियुक्त पर दस हजार का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह ने शनिवार की दोपहर एसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर फरार सजायाफ्ता दस हजार का इनामी पकड़े जाने का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उक्त अपराधी न्यायालय से पुलिस अभिरक्षा से भागा हुआ था। दस हजार का इनामी थाना तालबेहट अंतर्गत मुहल्ला चौबयाना निवासी बब्लू पुत्र रघुवीर ढीमर ने तीन अप्रैल 2011 को अपनी पत्नी पार्वती को दहेज न देने के कारण हत्या कर दी थी। उक्त मामले में अपर सत्र न्यायालय फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम द्वारा 22 फरवरी को हत्या के अपराध में आजीवन सजा, दहेज मांगने के अपराध में तीन वर्ष और पांच हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई थी। इसी दौरान यह अभियुक्त मौका पाकर न्यायालय से पुलिस अभिरक्षा के दौरान फरार हो गया था। जिस पर अपर सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम मनोज कुमार शुक्ला की अदालत ने उक्त अभियुक्त के खिलाफ वारंट जारी करते हुए पुलिस को उसे गिरफ्तार करने के आदेश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने उक्त अभियुक्त बब्लू ढीमर पर दस हजार का इनाम घोषित किया और शनिवार को पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित की गई टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली एके सिंह, कांस्टेबिल हसीन खान, अशरफ अली, शैलेंद्र कुमार, सूबेलाल एवं स्वॉट टीम के निरीक्षक शशांक राजपूत, कांस्टेबिल संजय राजावत, रजनीश चौहान, अवधेश यादव, चंद्रशेखर, शफीक खान, प्रदीप कुमार, रणविजय सिंह मौजूद रहे। दोनों टीमों द्वारा संयुक्त रुप से उक्त बांछित अपराधी को रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज से तीस कदम की दूर पर मुहल्ला नेहरुनगर से गिरफ्तार किया जाना बताया गया है।