व्यापारी से टप्पेबाजी तो महिलाओ के काटे मंगलसूत्र व चेन
शहर कोतवाली क्षेत्र में बढ़ी आपराधिक वारदातें
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन आपराधिक वारदातें बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में दो दिनों के दौरान टप्पेबाजी और छिनैती की तीन वारदातों ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। वहीं, पुलिस की चुस्त कार्यशैली पर सवालिया निशान भी खड़े होने लगे हैं। चेन स्नैचरों ने जहां जगन्नाथ रथयात्रा में दो महिलाओं के मंगलसूत्र और चेन पार कर दिए वहीं रविवार को खुद को सीआईडी का कर्मचारी बताकर व्यापारी के साथ टप्पेबाजी कर दी। वहीं, कोतवाली पुलिस आए दिन हो रही टप्पेबाजी की वारदातों पर लगाम लगाने में सक्षम नजर नहीं आ रही है।
मामला नंबर एक
शहर कोतवाली अंतर्गत एक टप्पेबाज ने खुद को सीआईडी का बताते हुए व्यापारी के साथ ठगी की घटना को अंजाम दे दिया। व्यापारी ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। आजादपुरा निवासी व्यापारी प्रेमचंद्र जैन पुत्र रज्जूलाल जैन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार की शाम करीब पौने छह बजे वह सदर कांटे के पास स्थित हैडपंप के पास खड़े हुए थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने पीड़ित व्यापारी को बताया कि एक व्यापारी का मर्डर हो गया है और अपनी सोने की चेन व अंगूठी निकालकर अंदर रख लो और यहां से भाग जाओ। टप्पेवाजों ने इस दौरान खुद को सीआईडी का अधिकारी बताते हुए शीघ्रता करने की बात कही। व्यापारी ने विश्वास में आकर चेन और अंगूठी निकाल ली और सौ रुपये के नोट में लपेटकर पॉलिथीन के अंदर रखने लगा। इसी दौरान टप्पेवाजों ने पॉलीथिन को ले लिया और चेन व अंगूठी निकालकर सौ का नोट पकड़ा दिया। जिसे व्यापारी ने जेब में रख लिया। कुछ देर बाद जब व्यापारी ने पॉलिथीन देखी तो चेन व अंगूठी गायब थी। उक्त घटना पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। व्यापारी ने पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
मामला नंबर दो
शनिवार को शहर में निकली जगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होने आई दो महिलाओं के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र अज्ञात चोरों ने पार कर दिए। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। बड़ापुरा मुहल्ला निवासी मीरा पत्नी द्वारिका प्रसाद रजक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की शाम करीब पांच बजे वह जगदीश मंदिर के पास निकल रही जगन्नाथ रथयात्रा में आई हुई थी। इसी दौरान महिला जब प्रसाद ले रही थी तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीड़िता के गले से सोने की माला काट ली। पीड़िता ने बताया कि माला मेें सोने का लॉकेट भी लगा हुआ था। काफी खोजबीन के बाद भी न मिलने पर पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। इसी प्रकार रैदासपुरा मुहल्ला निवासी कुसुम पत्नी सोहन लाल रजक ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की शाम करीब पांच बजे वह जगदीश मंदिर के पास निकल रही जगन्नाथ रथयात्रा में आई हुई थी। इसी दौरान महिला जब प्रसाद ले रही थी तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीड़िता के गले से सोने का मंगलसूत्र काट लिया। काफी खोजबीन के बाद भी न मिलने पर पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।