कलेक्ट्रेट मे अधिकारी को ज्ञापन देते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर राजकीय हाईस्कूल दैलवारा के कैंपस में क्रिकेट टूर्नामेंट पर रोक लगाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि विद्यालय के कैंपस में गांव के लोगोें द्वारा क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान में विद्यालय में कक्षाएं संचालित हैं और कोविड -19 से बचाव के नियम का पालन नहीं किया जा रहा है। इससे छात्रों एवं शिक्षकों की जान को खतरा बना हुआ है। टूर्नामेंट में लाउडस्पीकर के उपयोग से विद्यालय में पढ़ रहे छात्रों को परेशानी हो रही है, जबकि हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा नजदीक आ गई है। चेतावनी दी गई कि यदि टूर्नामेंट पर रोक नहीं लगाई गई तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करने को बाध्य हो जाएगी। इस दौरान जिला संयोजक पीयूष प्रताप सिंह बुंदेला, जिला प्रमुख एसएफडी गौरव दुबे, महेंद्र कुमार, भूपेंद्र साहू, विवेक रिछारिया, राजेंद्र राजपूत, आदिश जैन, मोनू राजपूत, दीपेंद्र, अभिषेक, विशाल, मोहित, राजीव आदि मौजूद रहे।