- जिला स्तरीय इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट का एडीएम और प्रबंधक ने किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। श्री दीपचंद्र चौधरी महाविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर मैच के पहले दिन नृसिंह विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और महावीर इंटर कॉलेज पाली के बीच मैच खेला गया। इसमें महावीर इंटर कॉलेज की टीम 59 रन से विजयी हुई।
मैच का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश श्रीवास्तव एवं प्रबंधक कमलेश चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। एडीएम ने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे टूर्नामेंट प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। प्रबंधक ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित करते हैं और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित करते हैं।
अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव ने टॉस किया जो नृसिंह विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पनारी की टीम ने जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला लिया। महावीर इंटर कॉलेज पाली की टीम निर्धारित 14 ओवर में 190 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी नृसिंह विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की टीम ने 10 ओवर में 131 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस मैच में 59 रन से महावीर इंटर कॉलेज की टीम विजयी हुई।
42 रन की पारी खेलने वाले और एक विकेट लेने वाले खिलाड़ी कृष्णा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस मौके पर निदेशक प्रदीप चौधरी, प्रवीण चौधरी, प्राचार्य डॉ. जेएस तोमर, कार्यक्रम संयोजक बृजेश पटेरिया, खेल प्रभारी अतुल सोनी, अभिषेक रावत, रोहित रावत, कमेंटर पवन साहू, एंपायर देवेंद्र विश्वकर्मा, सुनील राजपूत का विशेष सहयोग रहा।