ललितपुर। बढ़ते कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए वृद्ध जनों के बाद अब 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसके लिए एक अप्रैल से टीकाकरण की शुरूआत होगी। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर 31 सत्रों में कोविड डोज लगाए जाएंगे।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही है। प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मी, द्वितीय चरण में फ्रंट लाइन वर्कर व तृतीय और चतुर्थ चरण में वृद्ध जनों और बीमार लोगों को कोविड टीका लगाया जा चुका है।
देश में बढ़ते कोरोना के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए एक अप्रैल से 45 वर्ष उम्र से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर लीं है। टीकाकरण टीमों का गठन किया जा चुका है। शुुरुआत में 31 सत्रों में वैक्सीनेशन किया जाएगा। जिला अस्पताल में नियमित टीकाकरण किया जाएगा। जिला महिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेहरूनगर व गोविंद नगर में तीन दिन वैक्सीन के डोज लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्र में ब्लाक स्तर पर स्थित सीएचसी व पीएचसी पर नियमित वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके अलावा सभी 23 न्यू पीएचसी पर सोमवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार को वैक्सीन लगाई जाएगी।
----
आधार कार्ड व बैंक पासबुक से लगवा सकेंगे टीका
45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाने की तैयारियां पूरी हो चुकी है। टीका लगवाने के लिए लाभार्थी को संबंधित स्वास्थ्य इकाई पर पहुंचकर टीका लगवा सकेंगे। इसके कार्ड जारी करने के लिए लाभार्थी को आधार कार्ड व बैंक पासबुक साथ में लानी होगी।
---
यह रहेगी प्रक्रिया
लाभार्थी कोविड वैक्सीनेशन के लिए सत्र में पहुंचेंगे। जहां पर दस्तावेज के आधार पर पंजीयन कर कार्ड जारी किया जाएगा। इसके बाद दूसरे कक्ष में पोर्टल पर डाटा दर्ज किया जाएगा। तीसरे कक्ष में वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा और प्रतीक्षा कक्ष में टीका लगने के बाद 30 मिनट तक बैठना होगा। इसके बाद जानकारी देकर घर जा सकेंगे।
--
एक अप्रैल से 45 वर्ष से लेकर अधिक उम्र तक के सभी लोगों को कोविड वैक्सीन लगाई जाएगी।
- डा. डीके गर्ग
मुख्य चिकित्सा अधिकारी