ललितपुर। कोविड-19 कोर कमेटी की एक बैठक बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी ने जिले में टीकाकरण बढ़ाए जाने के निर्देश दिए और कहा कि दूसरे जनपद से आने वाले लोगों की स्क्रीनिंग और सैंपल अनिवार्य से की जाए।
बैठक में में बताया कि बृहस्पतिवार को 2933 कोरोना टेस्ट किए गए हैं, जिनमें एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया और दो मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जनपद में वर्तमान में कुल डिस्चार्ज मरीजों की संख्या 12,558 और कुल 11 एक्टिव केस हैं और अब जनपद में मरीजों का रिकवरी रेट 98.92 है। टीकाकरण की समीक्षा में बताया कि आज जिले में कुल 2412 लोगों का टीकाकरण किया गया है, जिसमें 18-44 आयुवर्ग के 1562 और 45 वर्ष से ऊपर के 850 व्यक्ति शामिल हैं। इस पर टीकाकरण बढ़ाने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराए जाने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान अपनी निगरानी में समितियों से कार्य कराएं, साथ ही ग्रामीणों के साथ बैठक करें। दूसरे राज्यों से जनपद में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की स्क्रीनिंग की जाए और सैंपल देने वाले व्यक्तियों के फोन नंबर एवं अन्य आवश्यक जानकारी अनिवार्य रूप से नोट की जाए। सफाई एवं सैनेटाइजेशन की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि जनपद में वार्डों एवं ग्रामों में ब्लीचिंग का छिड़काव कराते रहें। संचारी रोगों के प्रसार को रोकने के लिए शहरी एवं ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें, साथ ही किसी भी स्थान पर जल का भराव न होने दें। बैठक में सीडीओ अनिल कुमार पांडेय, एडीएम वित्त और राजस्व अनिल कुमार मिश्र, एडीएम न्यायिक रजनीश राय, एडीएम नमामि गंगे लवकुश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. डीके गर्ग, डीसी मनरेगा रविंद्रवीर यादव, ईओ निहालचंद्र, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार सविता, डीपीआरओ अवधेश कुमार मौजूद रहे।